ऋषिकेश
नरेंद्रनगर वन प्रभाग की शिवपुरी रेंज के तहत आने वाले ढालवाला क्षेत्र में हर्बल गार्डन के पास एक मादा गुलदार का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। रविवार शाम नियमित गश्त के दौरान वनकर्मियों की नजर जंगल में पड़े गुलदार पर पड़ी, जिसके पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की पुष्टि हुई। घटना की सूचना तुरंत रेंज अधिकारी महेश सेमवाल को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। उन्होंने बताया कि मृत गुलदार करीब चार वर्ष की मादा है। गुलदार के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या हमले के निशान नहीं मिले हैं। उसके सभी अंग पूरी तरह सुरक्षित हैं। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण बीमारी या अस्वस्थ होना प्रतीत हो रहा है। पशु चिकित्सकों के विशेषज्ञ पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वन क्षेत्राधिकारी महेश सेमवाल ने बताया कि शिकार या आपसी संघर्ष जैसी स्थिति नहीं दिख रही है। मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल विभाग मामले की जांच में जुटा है।
