ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश के निकट रायवाला कोतवाली क्षेत्र से है, जहां देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे एक बार फिर खून से लाल हुआ है। छिद्दरवाला में रफ्तार का कहर ऐसा बरपा कि एक पल में हंसता खेलता परिवार तबाह हो गया। सर्विस रोड पर बेकाबू होकर दौड़ रहे एक डंपर ने स्कूटी सवार 18 वर्षीय होनहार छात्र अनिकेत को बेरहमी से कुचल दिया। खून से लथपथ हालत में जब तक उसे ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया, तब तक उसकी मौत हो गई। हादसा 6 सितंबर सुबह करीब नौ बजे का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनिकेत छिद्दरवाला सर्विस रोड से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि अनिकेत सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बदहवास हालत में उसे तुरंत ऋषिकेश एम्स पहुंचाया, लेकिन सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसआई जगदम्बा प्रसाद ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। बता दे कि अनिकेत उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीसीए सेकेंड ईयर का छात्र था। उसके पिता जल संस्थान में कार्यरत हैं। जिनका हाल ही में कोटद्वार से देहरादून तबादला हुआ था। पूरा परिवार नई उम्मीदों के साथ देहरादून के इंदिरानगर स्थित जल निगम कॉलोनी में शिफ्ट हो रहा था। घर का सामान गाड़ी से जा रहा था और अनिकेत अपनी स्कूटी लेकर दून के लिए निकला था, लेकिन किसे पता था कि मंजिल पर पहुंचने से पहले ही काल उसका रास्ता रोक लेगा। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
