
देहरादून में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’: कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम विभाग द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जनपद में सुरक्षा और आपदा न्यूनीकरण को ध्यान में रखते हुए 20 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है। इसी के मद्देनज़र जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। डीएम डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनपद के समस्त शासकीय, गैर-शासकीय और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 20.07.2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शैक्षणिक संस्थाओं में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है।
