
ऋषिकेश
ऋषिकेश के मायाकुण्ड क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर आपस में भिड़े भाई-बहनों और उनके परिजनों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दून पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मायाकुण्ड की गली नंबर 5 में पिता की पैतृक संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच भारी विवाद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद दोनों पक्ष आपस में सगे भाई-बहन थे, जो संपत्ति विवाद को लेकर एक-दूसरे के साथ मारपीट करने पर आमादा थे। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे और अधिक आक्रोशित होकर आपस में उलझ गए। सार्वजनिक स्थान पर बढ़ते हंगामे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान दिवाकर साना, दिनेश कुमार साना, मीना मण्डल, अभिलाष कुमार, रेखा साना के रूप में हुई है।
