
रुद्रप्रयाग
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी के किनारे पानी में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल 5 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि आपदा प्रबंधन टीमों और स्थानीय पुलिस ने समय रहते संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 5 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। घटना की वीडियो सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस के मुताबिक आज सुबह लगभग 5 बजे जिला कंट्रोल रूम और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना मिली। मामला तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास का था। सूचना मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि से पुलिस बल आवश्यक आपदा उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचा।

इसके साथ ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा को भी तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन खाई से गिरकर सीधे नदी के किनारे पानी में अटक गया था, जिससे यात्रियों की जान पर भारी संकट मंडरा रहा था। मौके पर पहुंचे पुलिस, SDRF और DDRF के जवानों ने संयुक्त रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए पानी के बीच फंसी गाड़ी से सभी व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते इस भीषण हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई। सभी को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। इस हादसे में वाहन सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिन्हें हाथ-पैर में फ्रैक्चर और अन्य अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं, चालक सहित तीन पुरुषों को हल्की चोटें लगी हैं।

सभी घायलों को खाई से निकालकर तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घायलों का विवरण
प्रिंस सिंह (उम्र 30 वर्ष) – पुत्र रमाकांत सिंह, निवासी: भसेनिया मोहम्मद गंज, पलामू, झारखंड।
सभीमा सिंह (उम्र 28 वर्ष) – पुत्री विनोद सिंह, निवासी: सी 21 समर पाली, पश्चिम बंगाल।
सुजोन मुखर्जी (उम्र 27 वर्ष) – पुत्री राजेंद्र मुखर्जी, निवासी: राजगंज, रायगंज, जिला जलपाईगुड़ी, असम।
ऋजा मुखर्जी (उम्र 30 वर्ष) – पुत्र उदय गोह, निवासी: राजगंज, जलपाईगुड़ी, असम।
प्रदीप कुमार (चालक) (उम्र 35 वर्ष) – पुत्र गंगाराम, निवासी: ग्राम लंगड़ा, जिला औरैया, उत्तर प्रदेश।
