
ऋषिकेश
ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित कचरा निस्तारण प्लांट के विरोध में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय का घेराव करना प्रदर्शनकारियों को भारी पड़ गया है। पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 18 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दे कि बीते रोज गुमानीवाला कचरा निस्तारण प्लांट का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी विधायक के कैंप कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस के साथ बलपूर्वक अभद्र व्यवहार किया और बैरियर तोड़ने का प्रयास किया। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और अपने साथ लाया घरेलू कूड़ा पुलिसकर्मियों पर फेंक दिया। प्रदर्शनकारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि मामले की जांच उप निरीक्षक कविंदर राणा को सौपी गई है। जिन लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है उनमे देवेंद्र बेलवाल, दिनेश मास्टर, लालमणि रतूड़ी, राजेंद्र गैरोला, ऊषा चौहान, संदीप भंडारी, हिमांशु रावत, रंजीत थापा, हिमांशु पंवार, रमजान, संजय सिलस्वाल, राजेंद्र गुसोला, मुकेश भट्ट, रीना रांगड़, प्रवीन सकलानी, सतीश रावत, लाल सिंह बोरा, सुधीर राय शामिल है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
