
ऋषिकेश
त्योहारों के सीजन में टिहरी पुलिस ने आमजन को एक बेहद संवेदनशील और सराहनीय उपहार दिया है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस व सीआईयू की टीम ने मिशन मुस्कान के तहत विभिन्न स्थानों से गुम हुए 60 से अधिक मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख से अधिक है। एसएसपी ने मालिकों को अपने हाथों से मोबाइल लौटाने के बाद बताया कि इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित पोर्टल की मदद से इन गुमशुदा व चोरी हुए मोबाइलों को अलग-अलग राज्यों से सफलतापूर्वक ट्रेस किया गया। पुलिस टीम की तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों के चलते हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे विभिन्न राज्यों में सक्रिय इन फोनों को ढूंढ निकाला गया।
पर्यटकों और दूर-दराज के लोगों तक पहुंचाई राहत
टिहरी जनपद में चारधाम यात्रा और पर्यटन के दौरान कई पर्यटकों के मोबाइल फोन घूम हो गए थे। जो अपने गृह राज्यों को वापस लौट चुके थे। ऐसे मामलों में पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए संबंधित स्वामियों से संपर्क किया और सुरक्षित कोरियर सेवा के माध्यम से उनके मोबाइल उनके घरों तक भिजवाए। जो लोग स्वयं अपना फोन लेने भद्राकाली पुलिस चौकी पहुंचे, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

इस अवसर पर प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास को मजबूत करना भी है। किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन केवल एक उपकरण नहीं होता, बल्कि उसमें उसकी पारिवारिक तस्वीरें, जरूरी दस्तावेज और अनमोल यादें जुड़ी होती हैं। मिशन मुस्कान के जरिए हमारा प्रयास लोगों की खोई हुई खुशियां वापस लाना है। जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इस दौरान सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
टिहरी पुलिस की आमजन से अपील:
यदि आपका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो घबराएं नहीं।
इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में दें।
मोबाइल का IMEI नंबर हमेशा सुरक्षित रखें।
भारत सरकार के CEIR पोर्टल (ceir.gov.in) पर जाकर अपने फोन को ब्लॉक कराएं।
