
ऋषिकेश
दीपावली के पावन अवसर पर नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट ऋषिकेश ने समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। ट्रस्ट की ओर से 60 वर्षीय जरूरतमंद एवं बेसहारा दिव्यांग बसंती देवी को ट्राइसाइकिल भेंट की गई, जिससे उनका जीवन सुलभ और आत्मनिर्भर बन सके।
20 वर्षों का कड़ा संघर्ष और अपनों का छूटा साथ
ट्रस्ट के अध्यक्ष नीरजा गोयल के मुताबिक बसंती देवी का जीवन बीते दो दशकों से अत्यंत कष्टकारी रहा है। लगभग 20 वर्ष पूर्व पेड़ से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई थी। जिसके बाद वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गईं। इस दुखद हादसे के बाद उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया। तब से वे अकेला जीवन जीने को मजबूर थीं। कुछ समय पहले तक उनके छोटे भाई ही उनका एकमात्र सहारा थे, लेकिन दुर्भाग्यवश कैंसर के कारण उनका भी निधन हो गया। वर्तमान में बसंती देवी का इस दुनिया में देखभाल करने वाला कोई नहीं है।
महेश राणा की पहल पर ट्रस्ट ने बढ़ाया मदद का हाथ
श्यामपुर निवासी श्री महेश राणा ने बसंती देवी की दयनीय और बेसहारा स्थिति की जानकारी नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक को दी। मामले की गंभीरता और दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए ट्रस्ट ने तुरंत संज्ञान लिया और उन्हें ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इस अवसर पर ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. नीरजा गोयल ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद का दीप जलाने और खुशियां बाटने का अवसर है। संस्था का निरंतर प्रयास रहता है कि समाज के असहाय और दिव्यांगजनों को हर संभव सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन दिया जा सके।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं सम्मानित जन उपस्थित रहे। जिनमें मुख्य रूप से सतीश अग्रवाल, प्रेम सिंह, कमल, राजीव, मनोज गुप्ता, रूपेश गुप्ता, ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. नीरजा गोयल एवं सह-संस्थापक नूपुर गोयल शामिल रहे। नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट लगातार समाज सेवा और पीड़ित मानवता की सहायता के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
