
रायवाला
ऋषिकेश के निकट रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिपुर कलां क्षेत्र स्थित साधना कुटीर निकट आसाराम बापू आश्रम के फ्लैट नंबर 458 से रविवार दोपहर दुर्गंध आने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर कमरे में 47 वर्षीय महिला का करीब एक सप्ताह पुराना शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान जिज्ञासा धीयार के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में महिला की मौत फिसलकर गिरने व सिर पर चोट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर करीब सवा बजे पुलिस को सूचना मिली कि साधना कुटीर के फ्लैट नंबर 458 से अजीब सी दुर्गंध आ रही है और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हरिपुर कलां, चीता मोबाइल और गौरा चीता की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। साथ ही फॉरेंसिक जांच के लिए फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि फील्ड यूनिट और आश्रम के अनुयायियों व सेवादारों की मौजूदगी में जब बंद दरवाजे को तोड़ा गया, तो अंदर जिज्ञासा धीयार 47 वर्ष का शव मिला। जो काफी सड़ चुका था। मृतका के नाक और मुंह से खून निकला हुआ था तथा गिरने के कारण सिर व बायां गाल पिचका हुआ था। शरीर पर अन्य कोई बाहरी गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा की गई शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी है। कमरे के हालात देखकर लग रहा था कि मृतका सफाई कर रही थी, क्योंकि दूसरे कमरे में सफाई की गई थी और सामान बेड में अलग-अलग रखा हुआ था। संभवतः सफाई के दौरान फिसलकर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। कमरे से भारी मात्रा में आयुर्वेदिक दवाइयां भी मिली हैं। जिससे प्रतीत होता है कि वह लंबे समय से किसी बीमारी का इलाज ले रही थीं। इसके अलावा कमरे से 2 मोबाइल और 1 लैपटॉप भी बरामद हुआ है।
गुजरात की रहने वाली थीं जिज्ञासा, मां रहती हैं विदेश में
जांच में पता चला कि मृतका जिज्ञासा धीयार पुत्री नरोत्तम भाई धीयार मूल रूप से 1147 मास्टर सोसायटी, कोठारिया कॉलोनी, जिला राजकोट गुजरात की रहने वाली थीं। वह वर्ष 2018 से साधना कुटीर के इस फ्लैट में अकेली रह रही थीं और लोगों से बहुत कम बातचीत करती थीं। उनकी मां पार्वती धीयार के विदेश में रहने की जानकारी मिली है।
शव मोर्चरी में रखवाया, परिजनों की तलाश जारी
मौके पर गौरा चीता में नियुक्त महिला आरक्षी शबाना और महिला आरक्षी रुक्मणी की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए हरमिलाप चिकित्सालय हरिद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
