
ऋषिकेश
उत्तराखंड की राजनीति में अभी तक मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही देखा जाता रहा है। हालांकि, क्षेत्रीय अस्मिता का झंडा उठाने वाला उत्तराखंड क्रांति दल समय-समय पर इन दोनों राष्ट्रीय दिग्गजों के वोट बैंक में सेंध लगाने का काम करता आया है। लेकिन अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले देवभूमि के राजनीतिक दंगल में एक और नई राजनीतिक पार्टी की सरप्राइज एंट्री हो गई है। बता दे कि राजनीतिक गलियारों में हलचल तब बढ़ गई जब उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा से जुड़े सुधीर राय रावत ने राज्य स्वराज पार्टी के बैनर तले ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी मजबूत दावेदारी का खुला ऐलान कर दिया। सुधीर राय रावत का दावा है कि वर्ष 2025 में गठित हुआ उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा अब तक बेरोजगार युवाओं के हक-हकूक, कड़े भू-कानून, और मूल निवास जैसे बुनियादी व ज्वलंत मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ता रहा है। जनता के बीच काम करते-करते जब वैचारिक सहमति बनी, तो इस संघर्ष को एक सियासी मंच देने का फैसला लिया गया और चुनाव आयोग में आवेदन कर राज्य स्वराज पार्टी का गठन किया गया। सुधीर राय का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ खुद चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि उन चेहरों को मजबूत राजनीतिक मंच देना भी है जो राज्य में वाकई बदलाव लाना चाहते हैं।
