
ऋषिकेश
आवास विकास क्षेत्र में फुटपाथ पर कथित अवैध दुकानों के निर्माण और अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में यूथ कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों सहित छात्र नेताओं ने नगर निगम ऋषिकेश के मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कड़े कदम उठाने की मांग की है।
पक्की दुकानें बनाकर डाले लेंटर, लगाए गए बिजली के मीटर
नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि आम जनता और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए फुटपाथ पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कर लिया है। ज्ञापन के अनुसार, मौके पर पक्की दुकानों का निर्माण कर लेंटर तक डाल दिया गया है और बिजली के मीटर भी स्थापित कर दिए गए हैं, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यातायात व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा पर खतरा
प्रदर्शनकारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि फुटपाथ आम राहगीरों के सुरक्षित आवागमन के लिए होते हैं। इन पर अवैध कब्जे के कारण पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। साथ ही, इससे मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी चरमरा रही है।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें:
त्वरित जांच: पूरे मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराई जाए।
निर्माण पर रोक: बिना वैध स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाया जाए।
अतिक्रमण हटाना: फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को नियमानुसार ध्वस्त कर हटाया जाए।
कानूनी कार्रवाई: दोषियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थायी समाधान: भविष्य में इस प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।
ये लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, छात्र संघ महासचिव रेहान बंदोलिया, NSUI अध्यक्ष गौरव जोशी, छात्र नेता उदित झा, शिवानी नेगी, सृष्टि रमोला, ज्योति, कशिश, वेदांग, अतुल, सुंदर और अर्पित सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन जल्द से जल्द फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराए, अन्यथा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
