
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश ने शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का कार्य तेज कर दिया है। इसी क्रम में महापौर शम्भू पासवान ने वार्ड संख्या-17 के अंतर्गत आवास विकास की गली नंबर-3 में 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। सड़क का कार्य शुरू होने से लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड का संतुलित और समान विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता है। शहरवासियों को बेहतर सड़कें, जल निकासी और अन्य सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम लगातार काम कर रहा है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए और काम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए।

क्षेत्रीय पार्षद राम कुमार संगर ने वार्ड में सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने पर महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गली नंबर-3 की सड़क काफी समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस सड़क के बनने से क्षेत्रवासियों की पुरानी मांग पूरी होगी और आवाजाही सुगम बनेगी।
