देहरादून
उत्तराखण्ड एसटीएफ की साइबर कुमाऊ यूनिट और दूरसंचार विभाग की टीम ने बाजपुर में संयुक्त कार्रवाई करते हुए राज्य के पहले अवैध SIM Box टेलीकॉम गेटवे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी कादिर निवासी मुरादाबाद को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 2 SIM Box, 114 एयरटेल सिम कार्ड, 77 एंटीना, इंटरनेट राउटर और अन्य टेलीकॉम उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी विदेशी कॉल्स को भारतीय लोकल कॉल में बदल देता था, जिससे कॉलर की असली लोकेशन और पहचान छिप जाती थी।

इसका उपयोग डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी में किया जा रहा था। आरोपी पिछले 7 महीनों से यह अवैध गेटवे चला रहा था और इसके तार बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से जुड़े होने की आशंका है। आरोपी पहले भी 2023 में मुरादाबाद से इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जमानत पर था। एसटीएफ आरोपी के नेटवर्क, बैंक खातों और फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले एजेंटों की गहन जांच कर रही है।
