
ऋषिकेश
ऋषिकेश के चौमुखी विकास को लेकर नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट के साथ मिलकर प्रेस वार्ता में क्षेत्र की जनता के लिए कई बड़ी खुशखबरी साझा की हैं। महापौर ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष ऋषिकेश के विकास के लिए जो मांग पत्र रखा था, उस पर सरकार ने बेहद तेजी से काम करते हुए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री का आभार भी जताया। महापौर ने बताया कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए 115 करोड़ की लागत से त्रिवेणी घाट का नवीनीकरण किया जा रहा है। इस भव्य परियोजना का जमीनी काम लगभग शुरू हो चुका है और जल्द ही इसका औपचारिक भूमि पूजन किया जाएगा। चंद्रभागा नदी पर यातायात को सुगम बनाने के लिए 33 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का काम टेंडर प्रक्रिया के बाद अब जल्द शुरू होने जा रहा है। प्रसिद्ध आस्था पथ के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए भी लगभग 33 करोड़ की वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। शहर में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए 132 करोड़ की जल आपूर्ति योजना को तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। कूड़े के निस्तारण की समस्या पर बोलते हुए महापौर शंभू पासवान ने कहा कि गोविंद नगर स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में जल्द ही एक आधुनिक रीसाइक्लिंग प्लांट लगने जा रहा है। संबंधित कंपनी ने काम को 90 दिनों के भीतर पूरा करने का भरोसा दिया है, हालांकि बरसात के कारण इसमें अधिकतम 6 महीने का समय लग सकता है। इसके अलावा, सरकार द्वारा गौशाला के लिए जमीन आवंटित कर दी गई है और उसके बजट की राशि भी जल्द ही निगम को मिल जाएगी। हाल ही में ऋषिकेश में आयोजित हुए ‘ऑल इंडिया मेयर सम्मेलन’ को शहर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री ने इस आयोजन की सराहना की है। सम्मेलन में देश भर के महापौरों द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर उत्तराखंड सरकार ने गंभीरता से काम करने का आश्वासन दिया है।
