
ऋषिकेश
श्यामपुर के भट्टोंवाला क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज गोलीकांड को लेकर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। आज शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र रमोला और ग्राम प्रधान संगीता राणा के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने घटना में शामिल सभी अपराधियों को शीघ्र अति शीघ्र गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की।
खौफ के साए में क्षेत्रवासी, पुलिस के रवैये पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला और प्रधान संगीता राणा ने संयुक्त रूप से कहा कि भट्टोंवाला में दिनदहाड़े हुई इस जानलेवा हमले की वारदात से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा:
“क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से ऋषिकेश की शांति व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बार-बार पुलिस प्रशासन को आगाह करने के बाद भी पुलिस का ढुलमुल रवैया ही है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।”
उग्र आंदोलन की चेतावनी
जयेंद्र रमोला ने पुलिस प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है, जो कि कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि समय रहते सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया, तो ऋषिकेश की जनता चुप नहीं बैठेगी और मजबूरन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा
नेताओं का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस को एक ठोस रणनीति के तहत काम करना होगा। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने से न सिर्फ अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था पर भी इसका बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
मौके पर मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि
इस दौरान पुलिस चौकी में ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से:
पूर्व प्रधान सतीश रावत
जिला पंचायत प्रतिनिधि लालमणि रतूड़ी व हिमांशु पंवार
पंचायत सदस्य शीशपाल रावत
आजाद राणा, शंभू सिंह रावत, आचार्य कृष्णानन्द भट्ट
बलवीर सिंह, सुनील खंडूरी, बिशन सिंह, सम्भू सिंह, रूकम सिंह, राजा, अंकित, रवीन्द्र रमोला आदि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
