
ऋषिकेश
ऋषिकेश में आईडीपीएल सिटी गेट पर आयोजित कांग्रेस के धरने प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मामला उस वक्त बिगड़ गया जब धरने में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत को भाजपाई काले झंडे दिखाने के लिए धरना स्थल की ओर आगे बढ़े। तभी पुलिस ने भाजपाइयों को बापूग्राम गेट पर आगे बढ़ने से रोक दिया। यह नजारा देखकर कांग्रेसी भी उग्र हो गए और उन्होंने सिटी गेट पर भाजपाइयों के काले झंडे दिखाने के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में कांग्रेसी आगे बढ़ते हुए भाजपाइयों तक पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। काफी देर तक गहमा गहमी होती रही। पुलिस दोनों राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं को पीछे हटाने की कोशिश करते रहे, लेकिन दोनों ही पक्षों के कार्यकर्ता पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हुए। करीब आधे घंटे तक आपस में उग्र होने के बाद पुलिस ने बामुश्किल दोनों पक्षों को पीछे हटाया, इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए।
ऋषिकेश भाजपा मंडल के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि वह हरक सिंह रावत का विरोध केवल इसलिए कर रहे हैं कि वह अभी तक अपनी पत्नी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता राकेश अग्रवाल ने बताया कि ना उनकी केंद्र में ना राज्य में और ना ही निगम में सरकार है। बावजूद इसके भाजपा कार्यकर्ता काले झंडे विपक्ष के नेताओं को दिखाने का काम क्यों कर रहे हैं यह समझ से बाहर है।
