
ऋषिकेश
ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल की 633 एकड़ भूमि के कथित बंदरबांट और बापूग्राम को जल्द से जल्द राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आज भूमि बचाओ धामी हटाओ अभियान के तहत आईडीपीएल सिटी गेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। आरोप लगाते हुए कहा कि IDPL की 633 एकड़ भूमि ऋषिकेश की ऐतिहासिक धरोहर है और हज़ारों परिवारों के भविष्य से जुड़ी है। इस भूमि का बंदरबांट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बापूग्राम में वर्षों से रह रहे परिवारों ने अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई से अपने आशियाने बनाए हैं। आज उन्हीं परिवारों को बेदखली का डर दिखाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की। चेतावनी दी यदि सरकार अभी भी नहीं मानी तो यह आंदोलन और ज्यादा उग्र होगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि यह सिर्फ जमीन का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सम्मान और भविष्य का सवाल है। वर्षों से अनिश्चितता में जी रहे लोगों के हक की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने सरकार से इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की और कहा कि भाजपा सरकार को जनसमस्याओं का समाधान तलाशना चाहिए, न कि जनता की आवाज़ को दबाना चाहिए।
प्रदेश सचिव एड. राकेश सिंह मियां ने मानवीय और कानूनी पहलुओं का हवाला देते हुए मांग की कि दशकों से रह रहे परिवारों के अधिकारों और भविष्य को सुरक्षित करना सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
