
ऋषिकेश
लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के गंगा भोगपुर तल्ला स्थित ‘पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा’ के संचालक नीरज गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में गुमशुदगी का आखिरकार एक बेहद दुखद अंत हुआ। बीते एक सप्ताह से लापता नीरज गुप्ता का शव मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने गहन तलाशी अभियान के बाद गंगा से बरामद कर लिया है। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
5 पन्नों के सुसाइड नोट ने खोले प्रताड़ना के राज
लक्ष्मण झूला थाना पुलिस के मुताबिक नीरज गुप्ता अपने रिजॉर्ट से अचानक गायब हो गए थे। जाने से पहले उन्होंने 5 पन्नों का एक भावुक और विस्तृत सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने मानसिक उत्पीड़न, जमीन सौदेबाजी और पैसों के लेनदेन से जुड़े दबाव का जिक्र करते हुए आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी थी।
नीरज गुप्ता की पत्नी विनीता गुप्ता (निवासी ग्रेटर नोएडा) ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि रवि बजाज, गगन बत्रा और उनके अन्य सहयोगी लंबे समय से उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी निरंतर दबाव और मानसिक तनाव से तंग आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
गंगा किनारे मिली थीं चप्पलें, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मण झूला पुलिस हरकत में आई। गंगा किनारे से नीरज गुप्ता के जूते-चप्पल बरामद होने के बाद उनके गंगा में कूदने का अंदेशा जताया गया था। इसके तुरंत बाद एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन के लिए लगाया गया था। लगातार एक सप्ताह तक चले सर्च अभियान के बाद आखिरकार आज एसडीआरएफ ने शव को ढूंढ निकाला और अग्रिम कार्रवाई के लिए लक्ष्मण झूला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आरोपियों की बढ़ेगी कानूनी मुश्किलें
थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि विनीता गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रवि बजाज, गगन बत्रा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। अब शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में नामजद आरोपियों की कानूनी मुश्किलें और बढ़ना तय माना जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
