
ऋषिकेश
नगर निगम कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने शहर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर को बेहतर और व्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को थोड़ी असुविधा जरूर हो रही है, लेकिन भविष्य में इसके दीर्घकालिक लाभ मिलेंगे। कुंभ मेले का समय बहुत नजदीक है, इसलिए शहर में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वह नगर निगम का सहयोग करें। यदि किसी कार्य से कोई असुविधा हो रही है, तो सीधे निगम कार्यालय या अधिकारियों से संपर्क करे। निगम प्रशासन पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कटिबद्ध है।
क्या-क्या हो रहा विकास योजना में
महापौर ने जानकारी दी कि आवारा गोवंश के संरक्षण के लिए गौशाला के निर्माण को जमीन मिल चुकी है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। गुमानीवाला बाईपास रोड पर नाले की एक बड़ी और पुरानी समस्या बनी हुई थी, जिससे लंबे समय से लोग जूझ रहे थे। इस समस्या के समाधान के लिए लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की अनुमानित लागत से नया नाला बनाया जा रहा है। शहर के भीतर पुरानी और ओवरफ्लो होने वाली लाइनों को हटाकर नई सीवर लाइनें डाली जा रही हैं। छतों से गुजरने वाले तारों और पुरानी विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए 440, 11 हजार और 33 हजार वोल्ट की लाइनों को भूमिगत किया जा रहा है।
निगम कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा: नगर निगम ऋषिकेश के लगभग 72 कर्मचारियों को इस बार दिवाली पर 1 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि दी जा रही है। यह राशि इपीएफ फंड की है जो 2018 से पेंडिंग थी। यह जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था: महापौर ने बताया कि निगम की नई बिल्डिंग के बनते ही 1100 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद सड़कों पर गाड़ी खड़ा करने वालों से शुल्क वसूला जाएगा और पुलिस व निगम की संयुक्त टीम सीसीटीवी के माध्यम से सड़क अवरुद्ध करने वालों पर निगरानी रखेगी।
