
ऋषिकेश
ऋषिकेश में बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के मामलों को लेकर स्थानीय लोगों और संघर्षरत कार्यकर्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आज वन भूमि प्रकरण पर धरने पर बैठे लोगों ने रैली निकाली और आईडीपीएल सिटी गेट के पास राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया गया। मौके पर समाजसेवी सुधीर राय रावत और पार्षद सत्या कापरुवान ने सरकार और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वन भूमि प्रकरण को लेकर चल रहे धरने को 300 दिन होने वाले हैं। यहां संघर्ष कर रहे पार्षद और क्षेत्रीय लोगों का धीरज अब जवाब दे रहा है, लेकिन सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। आम जनता को उम्मीद थी कि सरकार यहां के निवासियों के पक्ष में कोई राहत भरा फैसला या निर्णय लेते हुए जाएगी, लेकिन सरकार की ऐसी कोई मंशा नजर नहीं आती है। सुधीर रावत ने सर्वोच्च न्यायालय सुप्रीम कोर्ट से भी अपील की है कि जिस मामले को लेकर स्वतः संज्ञान लिया गया था, कम से कम उस पर सुनवाई तो की जाए। स्थानीय जनता की पीड़ा को सुनते हुए इस पर उचित कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो आने वाले समय में सरकार के खिलाफ एक बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
