
ऋषिकेश
कांग्रेस की न्याय यात्रा के ऋषिकेश पहुंचने पर इंद्रमणि बडोनी चौक और व्यापार सभा भवन के बाहर सैकड़ों कांग्रेसियों ने गर्मजोशी के साथ कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह का फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की और कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाकर प्रीतम सिंह का हौसला बढ़ाया। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए त्रिवेणी घाट पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रीतम सिंह ने न्याय यात्रा की मजबूती को आगे आने वाले कार्यकर्ताओं को धन्यवाद किया। न्याय यात्रा के दौरान प्रीतम सिंह ने भ्रष्टाचार, अंकिता भंडारी हत्याकांड, खनन, शराब और भू माफियाओं के बुलंद हौसलों का जिक्र करते हुए धामी सरकार पर निशाना साधा।

प्रीतम सिंह ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को भली-भांति पहचान चुकी है। प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनावों का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रही है। जिसमें जनता वोट की चोट से राज्य में सत्ता का तख्तापलट करेगी। मौके पर जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, राकेश मियां, दीप शर्मा, रवि जैन, मदन मोहन शर्मा, मधु जोशी, अरविंद जैन, आदि उपस्थित रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि इस न्याय यात्रा को निकालने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के भीतर ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था और चरम पर पहुंच चुके भ्रष्टाचार को उजागर करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खनन माफिया, शराब माफिया और भू-माफिया सरकार चलाने का काम कर रहे हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड और महंगाई पर हमला
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए प्रीतम सिंह ने तीखा हमला बोला और कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में जिस व्यक्ति का नाम संलिप्त बताया जाता है, उसे सत्ता में बैठे लोगों द्वारा राज्यपाल बनाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नौजवान सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं और बढ़ती हुई महंगाई अपने चरम पर है।
