
ऋषिकेश
उत्तराखंड में ऑप्टोमेट्री सेवाओं में कथित अनियमितताओं, अनधिकृत प्रैक्टिस और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय बैठक ऋषिकेश स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष एवं नेत्र दृष्टि विशेषज्ञ प्रदीप सिंह पंवार ने की। इस अवसर पर प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजे नेगी ने एसोसिएशन की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। जिसके बाद उन्हें सर्वसम्मति से मुख्य सलाहकार मनोनीत किया गया। बैठक में राज्यभर से मिल रही अनधिकृत प्रैक्टिस की शिकायतों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष प्रदीप सिंह पंवार ने बताया कि बिना निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीकरण के नेत्र परीक्षण करने, मरीजों को भ्रमित करने तथा चश्मे व कॉन्टैक्ट लेंस से जुड़ी अनावश्यक सलाह देने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इन अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के लिए एसोसिएशन ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया है। यह समिति साक्ष्य जुटाकर राज्य के सभी जिलों में संचालित ऐसे सेंटरों की सूची तैयार करेगी, जिसे स्वास्थ्य मंत्रालय, स्वास्थ्य सचिव तथा महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखंड को कानूनी कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा।

“हमारा उद्देश्य किसी निर्दोष का उत्पीड़न करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और पेशेवर मानकों को मजबूत करना है।” — प्रदीप सिंह पंवार, प्रांतीय अध्यक्ष
डॉ. राजे नेगी का संदेश: मरीजों का भरोसा और नैतिकता सर्वोपरि
मुख्य सलाहकार की जिम्मेदारी संभालने के बाद डॉ. राजे नेगी ने कहा कि नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और मरीजों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सदस्यों से पेशेवर आचार संहिता का पालन करने, उचित रेफरल व्यवस्था अपनाने और जनहित में व्यापक नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए। इस दौरान उपसचिव अंकुश रमोला, सचिव आनंद देव, संरक्षक हरीश चौहान, चमोली जिलाध्यक्ष हरीश थपलियाल, रुद्रप्रयाग सचिव योगेश राणा, टिहरी सचिव आशीष पोखरियाल, टिहरी उपसचिव बेताल बिष्ट, टिहरी मीडिया प्रभारी विवेकानंद बडोनी, नरेंद्र सिंह रावत, धनपाल सिंह समेत कई सदस्य व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
