ऋषिकेश
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश में आगामी छात्रसंघ चुनाव 2026-27 की हलचल तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने कैंपस में चुनावी बिगुल फूंकते हुए अपने प्रमुख प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। संगठन ने उपाध्यक्ष पद पर उदित झा, सचिव पद पर रेहान बंदोलिया और यूआर (विश्वविद्यालय प्रतिनिधि) पद पर प्रिंस पर दांव खेला है। प्रत्याशियों के नामों का ऐलान होते ही परिसर में मौजूद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों और नारों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

इस मौके पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा से छात्र अधिकारों, समस्याओं के त्वरित समाधान और परिसर के सर्वांगीण विकास के लिए संघर्षरत रही है। इस बार भी चुनाव में छात्रों से जुड़े बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पदाधिकारियों ने सभी घोषित उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे छात्रहित की लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे। वहीं, तीनों प्रत्याशियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जल्द ही छात्रों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई और कांग्रेस से जुड़े कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, पार्षद दल नेता देवेंद्र प्रजापति, बृजभूषण भगोना, जज्जीत सिंह, हरीराम वर्मा, हिमांशु जाटव, गौरव राणा, रवि थापा, हिमांशु कश्यप, राजेंद्र कोठारी, विनोद रतूड़ी तथा अशोक शर्मा शामिल थे।
