ऋषिकेश
ऋषिकेश नगर निगम के नवनियुक्त मनोनीत पार्षदों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पार्षदों का पटका एवं माला पहनाकर तथा मिष्ठान खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी मनोनीत पार्षदों को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं के निस्तारण और नगर के विकास में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। ऋषिकेश के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने पार्षदों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, सभी मनोनीत पार्षदों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मनोनीत पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, सोनू पांडे, पूनम डोभाल, आशु अरोड़ा, सुमन रावत, ऋषि राजपूत, कमल शर्मा और पूर्व पार्षद अशोक पासवान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
