देहरादून
थाना रायपुर क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला की सनसनीखेज हत्या और लूट की वारदात का देहरादून पुलिस ने महज़ 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। बकाया वेतन के विवाद में वारदात को अंजाम देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा, हमले में प्रयुक्त अभियुक्त का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
वेतन विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम पर सूचना दी थी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत और लहूलुहान अवस्था में पड़ी हैं। डॉक्टर द्वारा उन्हें मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला (धारा 103(1) बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने अजबपुर कलां निवासी विनीत कुमार 33 वर्ष, मूल निवासी उत्तरकाशी को रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से दिनेश बंसल की बुक शॉप पर काम करता था। बंसल के पास उसका वेतन बकाया था। घटना के दिन वह पैसे मांगने उनके घर गया था। मृतका द्वारा पैसे देने से मना करने पर हुए विवाद में उसने अपने हाथ में पहने कड़े से वृद्धा के चेहरे पर हमला कर दिया। चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से उसने मुंह और नाक दबाकर उनकी हत्या कर दी और हाथ से सोने का कंगन लूटकर फरार हो गया।
इनाम की घोषणा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून खुद मौके पर पहुंचे थे। घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
बरामदगी
मृतका से लूटा गया पीली धातु (सोने) का कड़ा
घटना में प्रयुक्त अभियुक्त का कड़ा
01 मोबाइल फोन
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष रायपुर संजीत कुमार, एसओजी निरीक्षक खुशीराम पांडे, वरिष्ठ उप-निरीक्षक भरत सिंह रावत सहित रायपुर पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया।
