
ऋषिकेश
श्यामपुर फायरिंग मामले में गिरफ्तार होकर जेल गए मुख्य आरोपी वसीम के भाई नसीम को भी पुलिस और एसओजी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी जेल में बंद भाई की पैरवी के लिए ऋषिकेश पहुंचा था। वह 25 हजार रुपए का इनामी और बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या की वारदात में शामिल आरोपी भी है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 12 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है मामले की जानकारी बिहार पुलिस को भी दे दी है।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि नसीम ने अपने भाई वसीम और अन्य साथियों के साथ मिलकर बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद उसका भाई वसीम ऋषिकेश भाग आया था। जिसे हाल ही में ऋषिकेश पुलिस ने एक फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। नसीम अपने इसी भाई की कानूनी पैरवी और मदद करने के लिए ऋषिकेश आया था। बिहार पुलिस से मिले इनपुट के बाद पुलिस ने जंगलात बैरियर के पास घेराबंदी की। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ट्रेन से भागने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
