
ऋषिकेश
चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना वैध दस्तावेजों के यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों के खिलाफ विभाग ने एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में हरिद्वार और ऋषिकेश में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई है। चेकिंग के दौरान हरिद्वार से संचालित एक ऐसा वाहन पकड़ा गया, जो बिना ग्रीन कार्ड के यात्रियों को केदारनाथ बद्रीनाथ की यात्रा पर ले जा रहा था। परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक के लाइसेंस के विरुद्ध एक्शन लिया और वाहन को सीज कर दिया। जिस ट्रैवल एजेंसी ने इस वाहन में सवारियां बिठाई थीं, उसके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए आरटीओ कार्यालय देहरादून को संस्तुति भेजी गई है। एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि नियमों के मुताबिक रात्रि काल में यात्रियों को ले जाने पर पूर्ण रोक है, लेकिन इसके बावजूद कुछ वाहन चालक बाज नहीं आ रहे हैं। इसलिए चेकिंग कर बस स्टैंड परिसर में रात को सवारियां बैठा रहे दो मैक्सी वाहनों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। इन वाहनों के ग्रीन कार्ड को हमेशा के लिए निरस्त करने की संस्तुति संबंधित कार्यालय को भेजी जा रही है, ताकि भविष्य में कोई भी यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ न कर सके। बताया कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में पैर पसार रहे अवैध टूर एंड ट्रैवल एजेंटों को जड़ से उखाड़ने की तैयारी कर ली गई है। इसके लिए परिवहन विभाग ने पुलिस अधीक्षक को एक पत्र प्रेषित किया है। पुलिस और परिवहन विभाग मिलकर जल्द ही ऋषिकेश क्षेत्र में एक बड़ा संयुक्त सत्यापन अभियान चलाने जा रहे हैं। इस अभियान के तहत क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रही सभी ट्रैवल एजेंसियों को चिन्हित कर उन्हें हमेशा के लिए बंद करवाया जाएगा। परिवहन विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शॉर्टकट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही कठोर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
