
मुनिकीरेती
वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के मद्देनजर मुनि की रेती थाना पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कमर कस ली है। पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न व्यस्त चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी के निर्देश पर मुनिकीरेती पुलिस द्वारा यह सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त और भीड़-भाड़ वाले पीडब्लूडी, मधुबन तिराहा और कैलाश गेट चौक पर मुस्तैदी के साथ चेकिंग की। अभियान के दौरान पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की। मुख्य रूप से सड़क के किनारे और प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनो पर एक्शन हुआ है। इसके अलावा नो-एंट्री’ या यातायात के विपरीत दिशा में दौड़ने वाले वाहनो के साथ यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालको पर पुलिस की गाज गिरी है। बिना वैध दस्तावेज और बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के चल रहे व्यावसायिक वाहन को पुलिस ने पड़कर सीज किया है। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के कारण सड़कों पर दबाव बहुत ज्यादा है। ऐसे में चंद लोगों की लापरवाही के कारण आम यात्रियों और स्थानीय जनता को जाम से जूझना पड़ता है। पुलिस ने सख्त हिदायत दी है कि यातायात को प्रभावित करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
