
ऋषिकेश
वर्तमान में चल रही चारधाम यात्रा के बीच प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में पहुंच रहे भक्तों की सुरक्षा, सुगम यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर ने लक्ष्मणझूला से लेकर नीलकंठ महादेव मंदिर तक के पैदल यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। एएसपी मनोज ठाकुर ने पैदल मार्ग और संवेदनशील भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लेते हुए सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग स्थलों और आपातकालीन निकास मार्गों की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक और शालीन व्यवहार अपनाया जाए ताकि उनकी यात्रा सुगमता से संपन्न हो सके।

इस निरीक्षण के दौरान केवल वर्तमान चारधाम सीजन ही नहीं, बल्कि आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए भी खाका खींचा गया। संभावित भारी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए एएसपी ने विभिन्न व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों की भौतिक स्थिति और बैरिकेडिंग को लेकर व्यवस्था बनाई जाएगी। अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था और क्राउड कंट्रोल प्लान पर भी फोकस है। आपातकालीन चिकित्सा सहायता और आपदा प्रबंधन तंत्र की सक्रियता को मजबूत किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी, चौकी प्रभारी नीलकंठ लक्ष्मण सिंह कुंवर सहित क्षेत्र के कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

