
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के गढ़ी रोड क्षेत्र में एक पूर्व सैनिक के घर में चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घर की साफ-सफाई के लिए रखी गई महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अलमारी में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
गढ़ी मयचक ऋषिकेश निवासी राजपाल सिंह पंवार एक पूर्व सैनिक हैं और गढ़ी रोड पर ही उनकी एक इलेक्ट्रिक की दुकान है। उनकी पत्नी सुनीता पंवार आईडीपीएल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। पत्नी के ड्यूटी पर जाने और राजपाल सिंह के दुकान पर रहने के कारण, उन्होंने घर की साफ-सफाई के लिए नंदूफार्म निवासी रूचिका शर्मा नाम की महिला को काम पर रखा था। रूचिका पर गहरा भरोसा होने के कारण घर की चाबी भी अक्सर उसी के पास रहती थी।
अलमारी ठीक करते समय खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब 31 मई को राजपाल सिंह की पत्नी सुनीता पंवार अपनी अलमारी में सामान ठीक कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि लॉकर में रखे सोने के आभूषण गायब हैं। गायब हुए गहनों में सोने की चेन, गले का हार, कान के कुंडल, मंगलसूत्र शामिल है। घर में काफी खोजबीन करने के बाद भी जब गहने नहीं मिले, तो परिवार का शक सीधे नौकरानी रूचिका पर गया। सख्ती से पूछताछ करने पर नौकरानी सकपका गई। जब पीड़ित परिवार ने रूचिका से इस संबंध में पूछताछ की, तो वह घबरा गई और सकपका गई। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
तलाशी में बरामद हुई सोने की अंगूठी
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 1 जून को आरोपी महिला रूचिका के कमरे की तलाशी ली। इस तलाशी के दौरान पुलिस को रूचिका के पास से पीड़िता की गायब हुई सोने की एक अंगूठी बरामद हो गई। पीड़ित मकान मालिक राजपाल सिंह पंवार की नामजद तहरीर के आधार पर ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला रूचिका शर्मा और उसके पति नवीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दंपत्ति से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी किए गए बाकी के सारे जेवरात जल्द से जल्द बरामद किए जा सकें।
