
ऋषिकेश
तीर्थ नगरी ऋषिकेश में इन दिनों चारधाम यात्रा के चलते श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ रहा है। मौसम के बदलते मिजाज कभी आंधी-तूफान, कभी झुलसाने वाली गर्मी तो कभी वाहनों से निकलते धुएं और प्रदूषण के बीच पुलिस के जवान मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी पर डटे हुए हैं। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के कड़े निर्देशों और मार्गदर्शन में खाकी का यह सेवाभाव इन दिनों देसी-विदेशी श्रद्धालुओं के बीच चर्चा और तारीफ का विषय बना हुआ है। चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय परिसर में उमड़ रही भारी भीड़ को नियंत्रित करना हो, या फिर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर रेंगते ट्रैफिक को संभालना, पुलिसकर्मी हर मोर्चे पर मुस्तैद हैं। सबसे खास बात यह है कि इतनी भीषण गर्मी और तनावपूर्ण ड्यूटी के बावजूद पुलिसकर्मी बेहद विनम्रता और धैर्य के साथ श्रद्धालुओं से पेश आ रहे हैं।

पुलिस के इस सेवाभाव और अतिथि देवो भव: के आचरण ने देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों का दिल जीत लिया है। जवानों के इसी जज्बे और हौसले को देखते हुए जनपद देहरादून पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर ऋषिकेश में मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे कुछ पुलिसकर्मियों के वीडियो भी साझा किए हैं, ताकि उनका मनोबल बढ़ाया जा सके। ऋषिकेश कोतवाली में तैनात सब-इंस्पेक्टर निखिलेश बिष्ट इन दिनों अपनी कर्तव्यनिष्ठा को लेकर खासी सुर्खियां बटोर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते वर्ष भी निखिलेश बिष्ट ने अपनी पत्नी आरती के साथ मिलकर ट्रांजिट कैंप परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़-चढ़कर मदद की थी, जिसके लिए उन्हें उच्चाधिकारियों द्वारा शाबाशी और पुरस्कार से नवाजा गया था।

इस बार भी उपनिरीक्षक निखिलेश बिष्ट कोतवाली की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने के साथ-साथ, समय मिलते ही सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट जाते हैं। बदलते मौसम और ट्रैफिक के दबाव के बीच देहरादून पुलिस की इस मुस्तैदी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों सहित चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु पुलिस के इस मानवीय चेहरे और समर्पण की जमकर सराहना कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और पुलिस कर्मियों के दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने की अपील भी कर रही है।
