
ऋषिकेश
ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर आस्था पथ के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से आस्था पथ पर व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। यह सभी कार्य विशेष रूप से कुंभ मेला योजना के तहत स्वीकृत किए गए हैं। महापौर शंभू पासवान ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आस्था पथ पर हर 25 मीटर की दूरी पर शेड लगाए जा रहे हैं। इन आधुनिक शेड्स के लगने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों को बारिश, धूप और शीत लहर जैसे मौसम में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा लोग शेड के नीचे आराम से बैठकर गंगा दर्शन का आनंद भी ले सकेंगे। महापौर के मुताबिक उनके कार्यकाल में कुंभ मेला योजना और विभिन्न विकास कार्यों के जरिए ऋषिकेश का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से शहर में जनहित की कई योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, जिससे तीर्थ नगरी में आने वाले हर एक आगंतुक को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
