
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खुशियों से भरा एक स्कूल टूर पल भर में मातम में बदल गया। आगरा से शैक्षणिक भ्रमण पर आया 15 वर्षीय छात्र गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे के बाद से घाट पर कोहराम मचा हुआ है और साथ आए छात्रों व शिक्षकों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस व एसडीआरएफ के मुताबिक आगरा के रोहता निवासी राजकुमार शर्मा का 15 वर्षीय पुत्र अंश परमार कक्षा 10वीं का छात्र अपने स्कूल के 32 अन्य छात्रों और 5 शिक्षकों के दल के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। आज 19 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे सभी छात्र लक्ष्मणझूला पुल के समीप गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा न होने के कारण अंश गंगा की विकराल लहरों में फंस गया। अंश को डूबता देख साथियों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर तैनात जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर उसे बचाने की जी-तोड़ कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते अंश पानी की तेज धार में समा गया और आंखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम और थाना लक्ष्मणझूला पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF के डीप डाइवर्स ने गंगा की गहराई में उतरकर घंटों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन लापता छात्र का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। देर शाम अंधेरा घिर आने और रात्रि में सर्च ऑपरेशन में आ रही भारी कठिनाइयों के चलते रेस्क्यू अभियान को फिलहाल रोकना पड़ा है। पुलिस ने आगरा में छात्र के परिजनों को इस हृदयविदारक घटना की सूचना दे दी है। अब कल सुबह पहली किरण के साथ SDRF की टीम एक बार फिर लापता अंश की तलाश में गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
