
ऋषिकेश
योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर बुधवार को दून एक्सप्रेस की तीन बोगी पटरी से नीचे उतर गई। यह हादसा कब हुआ जब ट्रेन वॉशिंग लाइन की तरफ जा रही थी। गनीमत रही कि घटना से कुछ देर पहले ही सभी यात्री ट्रेन से उतर चुके थे, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही को उजागर किया है। जानकारी के मुताबिक हावड़ा से चलकर दून एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 7 बजे योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन पहुंची। यात्रियों के उतरने के बाद 11 बजे ट्रेन को शंटिंग के जरिए वाशिंग लाइन ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक बदलते समय अचानक एक प्वाइंट टूट गया। इससे पहले कि लोको पायलट कुछ समझ पाता, एक के बाद एक तीन बोगियां जोरदार झटके के साथ पटरी से नीचे उतर गईं। बोगियों के बेपटरी होते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में इंजीनियरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। दो लाइनों के बीच बुरी तरह फंसे पहियों को निकालने में इंजीनियरों के पसीने छूट गए। सुबह से दोपहर तक चली कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह बोगियों को वापस पटरी पर चढ़ाया जा सका।
बड़े अफसरों की लापरवाही: एक को खबर नहीं, दूसरा दे रहा सफाई

इस पूरे मामले में रेलवे अधिकारियों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया भी सामने आया है। जहां स्टेशन अधीक्षक अमित कश्यप ने ट्रैक का प्वाइंट टूटने की बात स्वीकार करते हुए ट्रेन के सुरक्षित होने का दावा किया, वहीं मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक महेश यादव ने इतने बड़े हादसे से साफ अनभिज्ञता जता दी।
सवालों के घेरे में रेलवे: 18 मई को भी हुआ था ऐसा ही हादसा
योगनगरी स्टेशन पर शंटिंग के दौरान ट्रेन के पटरी से उतरने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 18 मई को भी ठीक इसी तरह शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस की तीन बोगियां बेपटरी हो गई थीं। उस हादसे में बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं और रेलवे की विद्युत लाइन टूटने से घंटों तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा था। पुरानी घटना से सबक न लेने और एक ही जगह बार-बार ट्रैक में आ रही खराबी ने अब रेलवे के आला अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
