
ऋषिकेश
हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के गगनभेदी जयकारों के बीच शुक्रवार शाम देवभूमि ऋषिकेश पूरी तरह श्याममय हो गई। मनीराम रोड स्थित दरबंद बिरादरी के श्री खाटू श्याम बालाजी धाम मंदिर में आयोजित पंचम श्री श्याम जन्मोत्सव में भक्ति और उल्लास का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला कि हर कोई बाबा की भक्ति में सराबोर नजर आया। श्री श्याम कीर्तन में श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि विशाल मंदिर परिसर भी छोटा पड़ गया और भक्तों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। श्री खाटू श्याम परिवार द्वारा सजाए गए बाबा के भव्य दरबार की अलौकिक छटा देखते ही बनती रही।

चुलकाना धाम से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक सोनू उर्फ सौरभ सांवरिया और ऋषिकेश के लाडले भजन गायक सौरभ गुप्ता ने जैसे ही भजनों की तान छेड़ी, पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। देर रात तक चले इस संकीर्तन में भक्तों ने भजनों का जमकर रसपान किया और सुध-बुध खोकर खूब झूमे और नाचे। कार्यक्रम के दौरान बाबा को 56 भोग के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भी अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार अनगिनत व्यंजनों का भोग अर्पित किया। चारों ओर होती इत्र वर्षा से पूरा परिसर सुगंधित हो उठा। भव्य महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। जिसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।
