
रायवाला
कोतवाली रायवाला क्षेत्र अंतर्गत साहबनगर छिद्दरवाला में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच व शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि घटना 20 नवंबर की है। जब प्रातः लगभग 7:25 बजे डायल 112 के माध्यम से साहबनगर के ग्राम प्रधान अंबर गुरुंग ने कोतवाली रायवाला पुलिस को सूचना दी कि साहबनगर-छिद्दरवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल वार्ड नंबर 2, साहबनगर में सोंग नदी से करीब 80 मीटर पहले पहुंची। मौके पर एक पुरुष जिसकी उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष है का शव पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद ग्राम प्रधान और आसपास के ग्रामीणों से मृतक के संबंध में पूछताछ की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटना की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा पूरे घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा मृतक के शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक के पंचायतनामे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
