
ऋषिकेश
तीर्थनगरी के प्रमुख त्रिवेणी घाट स्थित पार्किंग में बुधवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पार्किंग में खड़ी एक कार बिना ड्राइवर के ही अचानक अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगी और देखते ही देखते सीधे गंगा की लहरों के बीच पहुंच गई। इस घटना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार पार्किंग में खड़ी थी, तभी ढलान होने या हैंडब्रेक ठीक से न लगे होने के कारण वह आगे बढ़ने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, कार पार्किंग की सीमा पार कर सीधे गंगा में चली गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कार के अंदर कोई व्यक्ति सवार नहीं था और न ही रास्ते में कोई श्रद्धालु इसकी चपेट में आया, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो जाता। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पार्किंग कर्मचारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। कार को गंगा के तेज बहाव में बहने से रोकने के लिए तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। मौके पर एक ट्रैक्टर मंगवाया गया और रस्सों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को सुरक्षित बाहर खींच लिया गया। इस घटना के बाद त्रिवेणी घाट पार्किंग में खड़े वाहनों और घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्रिवेणी घाट पार्किंग से वाहनों के गंगा में गिरने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार इस तरह के हादसे हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग और पार्किंग संचालक की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। घाट किनारे बैरिकेडिंग या सुरक्षा दीवार न होने के कारण भविष्य में भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
