
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी तिराहे पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से स्कूली बच्चों को लेकर भ्रमण पर आई एक बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर आश्रम की दीवार से टकरा गई। हादसे में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को मामूली चोटें आई हैं। बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह लगभग 9:30 बजे हुआ। जब बस पीडब्ल्यूडी तिराहे की अत्यधिक ढलान पर उतर रही थी। तभी बस के ब्रेक फेल हो गए। घटना के दौरान बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मिलाकर कुल 47 लोग सवार थे, जो लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान और भ्रमण के लिए आए थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और बस में फंसे सभी बच्चों व शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए बस चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य है। हादसे के बाद घबराए बच्चों को पुलिस ने संभाला। पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उनके ठहरने व रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि इसी बस में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों के बैठाने पर कुछ देर पहले एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई करते हुए चालान भी काटा। उस दौरान बस से 13 अतिरिक्त सवारियों को नीचे उतारा गया था। वहीं, स्थानीय स्तर पर पीडब्ल्यूडी तिराहे की अत्यधिक ढलान भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनी हुई है। इस क्षेत्र में पूर्व में भी इसी तरह के हादसे हो चुके हैं, जिसे देखते हुए मुनि की रेती पुलिस द्वारा सड़क की स्थिति सुधारने के लिए संबंधित विभाग को पहले ही पत्राचार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

