
ऋषिकेश
भाई दूज के पर्व पर ऋषिकेश के शिवाजी नगर गली नंबर 24 से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां रहने वाले कारपेंटर रामचंद्र के किराए के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई, जिससे पूरा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
साले के घर गया था परिवार, पीछे से हुआ हादसा
क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी के अनुसार, रामचंद्र भाई दूज के अवसर पर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ साले के घर गया था। इसी दौरान अचानक बंद मकान में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने जब घर से धुआं और लपटें उठती देखीं, तो तुरंत इसकी सूचना रामचंद्र को दी। खबर मिलते ही परिवार आनन-फानन में घर पहुंचा। अपनी पूरी गृहस्थी को जलता देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और रामचंद्र की पत्नी सदमे में दो बार बेहोश हो गईं।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
आस-पास के लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए परिवार को संभाला और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।
2 लाख के नुकसान की आशंका
आग की इस घटना में घर के अंदर रखे बिस्तर, कपड़े, टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा और बेड सहित बिजली के तमाम उपकरण जलकर स्वाहा हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि पीड़ित परिवार को लगभग दो लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
मेयर और पार्षद ने बंधाया ढांढस, दी आर्थिक सहायता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी और मेयर शंभू पासवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी ओर से पीड़ित रामचंद्र को तत्काल 5,100 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की और क्षेत्र के अन्य सक्षम लोगों से भी इस संकट की घड़ी में परिवार की सहायता के लिए आगे आने की भावुक अपील की।
