
ऋषिकेश
ऋषिकेश आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचन्द अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए 30 करोड़ और ग्रामीण वार्डों में सीसी सड़कों के लिए 20 करोड़ की स्वीकृति मुख्यमंत्री से मांगी है। इसके अलावा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्लान और पशुलोक बैराज डाउनस्ट्रीम में आस्था पथ व वीरभद्र घाट निर्माण हेतु 231.63 करोड़ की राशि देने की मांग भी दोहराई है। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय ऋषिकेश परिसर में विधि व शिक्षा संकाय, खदरी श्यामपुर पॉलिटेक्निक में नए ट्रेड्स और छिदरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग भी की है।

कुम्भ के दृष्टिगत नए घाटों के निर्माण व जीर्णोद्धार को 55 करोड़ तथा सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 50 करोड़ की मांग भी मुख्यमंत्री से की है। संजय झील के सौंदर्यीकरण हेतु 2 करोड़ तथा नगर निगम में गौ सदन, नन्दी शाला व निराश्रित कुत्तों के शेल्टर होम की स्थापना की मांग की है। प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
