

पौड़ी
पौड़ी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एंबुलेंस के जरिए की जा रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। श्रीनगर पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान 90 किलोग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर एक ईको एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। एंबुलेंस में मरीज के बजाय 9 बोरियों में भरकर रखा गया 90 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को सीज कर दिया। तस्कर की पहचान रविन्द्र सिंह बिष्ट निवासी कीर्तिनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह श्रीकोट क्षेत्र में एंबुलेंस चलाता है। वह अपने एक अन्य साथी के साथ रुद्रप्रयाग से कम दामों में गांजा खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने के लिए ला रहा था। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।
