ऋषिकेश
ऋषिकेश के सबसे व्यस्त नटराज चौक और कोयल घाटी पर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। एक सामाजिक संस्था के सहयोग से इन दोनों स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक ट्रैफिक पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं। जिनका लोकार्पण एसपी देहात जया बलूनी ने फीता काटकर किया। एसपी के मुताबिक इन बूथों में पुलिस कर्मियों के बैठने की आरामदायक व्यवस्था के साथ-साथ बिजली, पंखे, पीने के लिए शुद्ध पानी और अनाउंसमेंट सिस्टम की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। अब भीषण गर्मी और मूसलाधार बारिश के दौरान भी इन बूथों से पुलिसकर्मी सुबह की पहली किरण से लेकर देर रात तक शहर के ट्रैफिक पर पैनी नजर रख सकेंगे। व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इन बूथों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो अलग-अलग शिफ्टों में लगाई जाएगी। बूथ पर तैनात पुलिसकर्मी केवल निगरानी ही नहीं करेंगे, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी लगातार जागरूक करेंगे। इस पहल से न केवल ऋषिकेश के इन प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, बल्कि धूप और बारिश में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
