

ऋषिकेश
ऋषिकेश नगर निगम ने बैराज कॉलोनी में शहर के पहले इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया है। महापौर शंभू पासवान, पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया है। इस कोर्ट निर्माण में पैरा खिलाड़ी और समाज सेवी नीरजा गोयल का प्रयास रंग लाया है। मौके पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। नगर निगम की प्राथमिकता शहर के बच्चों और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करना है। इस इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के बनने से खिलाड़ियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों की चिंता किए बिना नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण का बेहतर अवसर मिलेगा। पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने इसे बैराज कॉलोनी व आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। कहा कि युवा लंबे समय से एक बेहतर खेल मंच की मांग कर रहे थे। इंडोर बैडमिंटन कोर्ट से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। नीरजा गोयल ने बताया कि पिछले कई सालों से वह लगातार इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण को लेकर प्रयास कर रही थी आज उनका यह प्रयास रंग लाया है। इसके लिए वह प्रशासन महापौर और पार्षद का आभार व्यक्त करती हैं।
