ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर धारदार तलवार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि दिवाकर निवासी नई जाटव बस्ती, ऋषिकेश ने लिखित तहरीर दी। बताया कि उनका छोटा भाई अर्जुन चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय ट्रांजिट कैंप में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। 14 अक्टूबर की रात को अर्जुन ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान पंजाब से यात्रियों को बस से लेकर आए मनदीप सिंह ने गेट नंबर 1 के पास पार्किंग में खुले में पेशाब किया। जब सुरक्षा गार्ड अर्जुन ने इसका विरोध किया, तो आरोपी मनदीप सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज, कहासुनी और धक्का-मुक्की की। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने बस से एक धारदार तलवार निकालकर जान से मारने की नीयत से अर्जुन के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पार्किंग स्टाफ ने बीच-बचाव कर घायल अर्जुन को तुरंत राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि खुले में पेशाब करने से रोकने पर हुए विवाद में गुस्से में आकर उसने तलवार से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार तलवार बरामद कर ली है।
