

देहरादून
राजधानी के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रियो मॉल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सर्वे ऑफ इंडिया की एक पुरानी बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त दीवार के पास लगे चाय के ठेले पर बैठा 26 वर्षीय युवक मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
चाय की दुकान पर बैठा था युवक
कोतवाल नरेंद्र सिंह के अनुसार, विजय कॉलोनी निवासी विनोद सेंट्रियो मॉल के सामने सर्वे ऑफ इंडिया की दीवार से सटाकर चाय का ठेला लगाता है। घटना के समय पौड़ी जिले के रतौली गांव का रहने वाला सचिन (26) वहां बैठा चाय पी रहा था। सचिन देहरादून में अपना पासपोर्ट बनवाने के सिलसिले में आया हुआ था। इसी दौरान जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई और सचिन उसके मलबे में पूरी तरह दब गया।
पुलिस की तत्परता से बची जान
हादसे में सचिन का बायां पैर बेहद गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही उप-निरीक्षक (SI) विकेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तेजी से मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस के जरिए दून अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में इलाज जारी, परिजनों को दी जा रही सूचना
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायल युवक के इलाज में जुटी हुई है। पुलिस टीम ने युवक के पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी है।
