

ऋषिकेश
चीला मार्ग पर बीन नदी के उफान पर होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता और अदम्य साहस का परिचय देकर बड़े हादसे को टाल दिया। देर रात नदी के तेज बहाव में पलटे एक मैक्स वाहन से SDRF के जवानों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मिली जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 9 बजे SDRF को सूचना मिली कि बीन नदी पार करते समय एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर नदी के तेज बहाव में पलट गया है। सूचना मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम बिना समय गंवाए उपकरण ले कर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि नदी का जलस्तर और बहाव बेहद खतरनाक था। अंधेरे और उफनती नदी की चुनौतियों के बीच जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी के बीच फंसे वाहन के पास बहते पानी में एक व्यक्ति दिखाई दिया। जवानों ने रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वाहन के भीतर फंसे दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू हुई। व्यक्ति गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। SDRF के जवानों ने उफनती नदी की धार को चीरते हुए गाड़ी तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया। SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई, कुशल रेस्क्यू तकनीक और साहस की बदौलत दोनों लोगों की जान बचा ली गई है। स्थानीय लोगों ने SDRF के इस सफल ऑपरेशन की जमकर सराहना की है। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था ल। इस दौरान उसने उफनती नदी में वाहन को उतार दिया। जिसके बाद यह पूरी घटना घटित हुई।
