

ऋषिकेश
पहाड़ी इलाकों समेत ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते ऋषिकेश की चंद्रभागा नदी और मुनि की रेती स्थित खारा स्रोत अचानक आए पानी के कारण उफान पर हैं। नदियों के रौद्र रूप को देखते हुए तटीय इलाकों में हड़कंप मच गया है। तेज़ बारिश के बाद चंद्रभागा नदी में जलस्तर इतनी तेज़ी से बढ़ा कि नदी क्षेत्र में खड़े कई वाहन पानी के भारी बहाव के बीच फंस गए।

देखते ही देखते गाड़ियाँ पानी से घिर गईं, जिसके बाद वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चालक और स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर घंटों मशक्कत करते नज़र आए। प्रशासन और पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।

लोगों से अपील की जा रही है कि वे उफनती नदियों और नालों के करीब न जाएं। विशेष रूप से जलभराव और तेज़ बहाव वाले रास्तों पर वाहन न ले जाने की सख्त हिदायत दी गई है। स्थानीय प्रशासन आपदा प्रबंधन टीम के साथ स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।
