
डोईवाला
देहरादून में 17 जुलाई को आयोजित होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने हरिद्वार रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बैठक की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव सहित कई दिग्गज नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द होने पर भड़की कांग्रेस, अब बन्नू स्कूल में होगा कार्यक्रम
बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन से घबराकर भाजपा सरकार ने ऐन वक्त पर परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी। सरकार चाहे जितनी भी बाधाएं खड़ी कर ले, कांग्रेस अपने संकल्प से पीछे हटने वाली नहीं है। यह कार्यक्रम अब और भी अधिक भव्यता के साथ बन्नू स्कूल ग्राउंड रेसकोर्स रोड, देहरादून में आयोजित होगा। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और सरकार की इस तानाशाही मानसिकता से डरने वाली नहीं है।

युवाओं और बेरोजगारों के अधिकारों की लड़ाई है ‘छात्रों की गूंज’
उत्तराखंड कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि “छात्रों की गूंज” महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की आवाज को बुलंद करने का एक बड़ा अभियान है। वहीं, सह-प्रभारी मनोज यादव ने कहा कि आज का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और राहुल गांधी के साथ होने वाला यह संवाद छात्रों को अपनी बात सीधे रखने का एक बड़ा मंच देगा।
हर हाल में बुलंद होगी छात्रों की आवाज: मोहित उनियाल
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता छात्रों के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा भाग लेकर अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे।
बैठक में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अश्विनी बहुगुणा, सेवादल प्रमुख हेमा पुरोहित, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, और ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
