
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां 15 जुलाई की शाम तेज बारिश के दौरान आस्था पथ पर लगे एक बिजली के पोल में करंट आ गया। जिसकी चपेट में आने से एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा करीब साढ़े सात बजे हुआ। उस वक्त क्षेत्र में अचानक तेज बारिश होने लगी। चंद्रेश्वर नगर की रहने वाली 9 वर्षीय कुमकुम स्वामीनारायण घाट के पास से घर वापस लौट रही थी। तभी आस्था पथ पर सौंदर्यकरण के तहत लगाए गए एक बिजली के पोल से उसका हाथ छू गया। बारिश के कारण पोल में पहले से ही तेज करंट दौड़ रहा था। पोल को छूते ही कुमकुम को करंट का जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। भारी बारिश के बीच आस्था पथ पर मौजूद दो लोग मासूम बेटी को किसी तरह सरकारी अस्पताल लेकर भागे। लेकिन अफसोस, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद कुमकुम को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जानकारी जुटाई। एसएसआई योगेश पांडे ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के वक्त नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को भी जानकारी दी गई। मृतक कुमकुम के पिता मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं। वह ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में रहकर फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मृतका के परिवार में उसकी दो बहनें और एक भाई और हैं।
