ऋषिकेश
ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुमानीवाला स्थित सिंचाई विभाग की कैनाल रोड का अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की जर्जर स्थिति देखकर उन्होंने भारी नाराजगी जताई और अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर ग्रामीणों से समन्वय बनाकर तुरंत पेचवर्क शुरू कराने की हिदायत दी। जिससे राहगीरों को आवागमन में दिक्कत न हो। निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने बताया कि यह सड़क कुछ ही समय पहले बनी थी और कम अवधि में इसका जर्जर होना बेहद गंभीर विषय है। इसलिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरा करने को कहा है। पूर्व मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों और सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुविधा ही सरकार और जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि जनता को बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने जनहित के कार्यों में लापरवाही न बरतने और तत्परता से काम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर सिंचाई विभाग के उपखंड अधिकारी सुरेंद्र श्रीकोटी, कनिष्ठ अभियंता संजीव चौहान, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, गोविंद सिंह महर, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, भाजपा नेता मानवेंद्र कंडारी, गणेश भट्ट, अभिलाषा बहुगुणा और संदीप कुमार सहित कई स्थानीय नागरिक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
